एसआईआर अभियान में मनोहर लाल ने भरा सेल्फ एनुमरेशन का फॉर्म
अपील- नागरिक एसआईआर अभियान में बढ़-चढक़र लें भाग, अपने वोट की करवाएं जांच
करनाल, 21 जून। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि एसआईआर अभियान के तहत किसी भी वैध मतदाता की वोट को काटा नहीं जा रहा है, बल्कि यह केवल शुद्धिकरण की प्रक्रिया है ताकि डुप्लीकेट व दोहरी वोटों को हटाया जा सके और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने करनाल की जनता से अपील की कि वे इस एसआईआर अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें, अपने वोट की जांच करें और जिन पात्र नागरिकों ने अब तक अपना वोटर आईडी कार्ड नहीं बनवाया है, वे तुरंत अपने बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय से संपर्क कर अपनी वोट अवश्य बनवाएं।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल रविवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में सेल्फ एनुमरेशन का फॉर्म भरने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची का शुद्धिकरण करने के लिए 20 वर्ष के बाद मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जाता है। यह अभियान समूचे देश में चल रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा प्रदेश में भी 15 जून से 14 जुलाई तक यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बीएलओ घर-घर जाकर एनुमरेशन फॉर्म वितरित कर रहे हैं और मतदाताओं से जानकारी लेकर उन्हें पोर्टल पर अपलोड करवाया जा रहा है।
उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की कि करनाल जिला में एनुमरेशन फॉर्म वितरण करने का कार्य तेज गति से जारी है और हरियाणा प्रदेश में करनाल 92 प्रतिशत के साथ अच्छी पोजीशन पर है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन व बीएलओज के कार्य की सराहना की। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि विपक्ष के लोग एसआईआर को लेकर मतदाताओं को बरगलाने का काम कर रहे हैं जबकि किसी भी पात्र व्यक्ति की वोट नहीं काटी जाएगी बल्कि 1 जुलाई 2026 को क्वालिफाइंग तिथि मानकर नए पात्र नागरिकों की वोट बनाई जा रही है और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
मीडिया के सवाल के जवाब में मनोहर लाल ने बताया कि हरियाणा के सामान्य निवासी निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार केंद्र एवं राज्य सरकार/पीएसयू कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के पहचान पत्र एवं पीपीओ नंबर, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर तथा सरकार द्वारा जारी भूमि या मकान आवंटन प्रमाण पत्र इत्यादि दस्तावेजों में से कोई एक बीएलओ को दिखा कर अपनी गणना करवा सकते हैं।
इस मौके पर उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, एसडीएम देवेंद्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, सांसद प्रतिनिधि कवींद्र राणा मौजूद रहे।
