करनाल, 20 जून।    उपायुक्त डॉ. आनंद शर्मा ने कहा कि नीट परीक्षा के सफल, सुरक्षित एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह कृतसंकल्प है। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में नीट 2026 की परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय तथा बिजली की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों में रैम्प तथा व्हील चेयर की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था करवाई जाए। पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के दृष्टिगत प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर एक एएसआई सहित चार कांस्टेबल नियुक्त किए जाएं।

उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा संबंधी किसी भी प्रकार की सहायता एवं शिकायत के समाधान के लिए लघु सचिवालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके हेल्पलाइन नंबर 0184-2267220 और 0184-2267271 आज और कल 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। परीक्षार्थी या उनके अभिभावक किसी भी समस्या की स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से अपील की कि वे राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें तथा निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें।

डॉ. आनंद शर्मा ने बताया कि परीक्षा से एक दिन पूर्व आने वाले परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से धर्मशालाओं में ठहरने की व्यवस्था की है। वहीं परीक्षा के दिन अभिभावकों के आराम एवं प्रतीक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक परीक्षार्थी को बेहतर और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए कंट्रोल रूम से तत्काल संपर्क किया जा सकता है। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि नीट-2026 की परीक्षा का आयोजन 21 जून को होगा। परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी, कर्मचारी अपनी ड्यूटी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाएं किसी भी स्तर पर लापरवाही न की जाए।

उपायुक्त ने बताया कि जिला में परीक्षा के दृष्टिगत 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2708 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। जिले में परीक्षा के लिए सीईओ अमित कुमार को नोडल ऑफिसर नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि नीट (यूजी) परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा, जिसके बाद प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था को दोगुना किया गया है तथा पुरुष और महिला परीक्षार्थियों के लिए अलग-अलग जांच काउंटर स्थापित किए गए। प्रत्येक 100 परीक्षार्थियों पर एक सुरक्षा जांच काउंटर तथा 48 परीक्षार्थियों पर एक बायोमेट्रिक उपकरण लगाया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर एवं अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध करा दिए गए है। उन्होंने यह भी बताया कि जैमर को परीक्षा के दिन दोपहर 1.45 बजे से सक्रिय किया जाएगा, ताकि बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उपायुक्त ने बताया कि अंबेडकर भवन सेक्टर-12, रोड़ धर्मशाला, जाट भवन सेक्टर-12, ब्राह्मण धर्मशाला कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सामने, वाल्मीकि धर्मशाला सेक्टर-8/9 करनाल, कम्बोज धर्मशाला रेलवे रोड इन सभी धर्म शालाओं में परीक्षा देने आए बच्चों व अभिभावकों के लिए यहां ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परीक्षा के दौरान भी अभिभावक इन निर्धारित धर्मशालाओं में आराम कर सकते है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *