कुरुक्षेत्र, 19 जून। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए। पोलियो उन्मूलन में भारत ने ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है और इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। जिला कुरुक्षेत्र में 28 जून 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत 28 जून को पोलियो बूथों पर तथा 29 व 30 जून को घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिले में लगभग 96,168 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में 682 बूथ, 36 ट्रांजिट टीमें, 48 मोबाइल टीमें तथा 112 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ईंट-भट्टों, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों, निर्माण स्थलों, घुमंतू एवं प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को अभियान के दौरान प्राथमिकता के आधार पर कवर किया जाएगा। नवजात शिशुओं तथा यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायती राज संस्थाओं, नगर परिषद, रेड क्रॉस, स्वयं सेवी संस्थाओं तथा अन्य संबंधित विभागों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संगठनों से लोगों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो बूथ तक लाने की अपील की।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया है कि 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष आयु के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर लेकर आएं तथा पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। याद रखें हर बच्चा, हर बार पोलियो की दो बूंद जरूर।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *