कुरुक्षेत्र, 19 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के निमित्त योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन ब्रह्म सरोवर कुरुक्षेत्र के तट पर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में किया गया। इसमें लगभग 60 साधक साधिकाएं उपस्थित रहे। इस आयोजन में मुख्य सहभागिता बीएनआई (बिजनेस नेटवर्क इंटरनेशनल, सारथी चैप्टर) के तथा भारतीय योग संस्थान के सदस्यों की रही।
योगाभ्यास में सूक्ष्म क्रियाएं, विभिन्न आसनों, प्राणायामों व ध्यान का अभ्यास संस्थान के प्रांतीय कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार, हरियाणा योग आयोग के वरिष्ठ सदस्य एवं भारतीय योग संस्थान के पूर्व संगठन मंत्री डॉ. मनीष कुकरेजा, पूर्व मंत्री मान सिंह, कृष्ण जिला मंत्री देवीदयाल सैनी, योग शिक्षक नंद किशोर द्वारा कराया गया। इस कार्यक्रम में बीएनआई परिवार से सर्वजीत सिंह, शशांक अरोड़ा, आदित्य रल्हन, अमित अरोड़ा, अंकित चावला, आयांश दुआ, विक्रांत बिंदल, रोज खुराना, अंजू बाला, हरवीर सिंह, राजीव सिंगला, दीपा शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। भारतीय योग संस्थान के वरिष्ठ साधकों में जितेंद्र तलवार, गुलशन गाबा, सूर्या तथा नियमित रूप से आने वाले अनेक साधक उपस्थित रहे।
पूर्व मंत्री मान सिंह द्वारा भारतीय योग संस्थान का संक्षिप्त परिचय दिया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बारना ग्राम के आयुष योग सहायक भीम सिंह से प्रशिक्षित छात्र सरस शर्मा द्वारा आर्टिस्टिक योगासन की प्रस्तुति रही। सभी उपस्थित साधकों ने उसके योगासन प्रदर्शन पर करतल ध्वनि से उत्साहवर्धन किया। बीएनआई परिवार के शशांक अरोड़ा, अंकित चावला एवं संस्थान के सुरेश कुमार द्वारा सरस एवं भीम सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी साधकों ने एक दूसरे पर पुष्प वर्षा कर देशभक्ति गीत पर खूब नृत्य किया एवं आनंदित हुए। बीएनआई परिवार के सदस्यों ने नित्यप्रति योग साधना करने का दृढ़ संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. कुकरेजा ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। बीएनआई परिवार के सभी सदस्यों ने उपस्थित जनों का हृदय से आभार प्रकट किया। शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण द्वारा कार्यक्रम का समापन हुआ।
