पंचकूला। कालका स्थित महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। छात्राओं और अभिभावकों की सुविधा को देखते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून से बढ़ाकर अब 30 जून कर दी गई है।
इससे उन छात्राओं को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर सकी थीं। संस्थान के प्रिंसिपल शिवचरण गौतम ने बताया कि इच्छुक छात्राएं बढ़ी हुई अवधि का लाभ उठाकर समय रहते आवेदन करें।
संस्थान में तकनीकी एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा के तहत विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे छात्राओं को सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं।
साथ ही स्वरोजगार के लिए भी उन्हें तैयार किया जाता है। संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा), बेसिक कास्मेटोलाॅजी, सिलाई तकनीक, सरफेस आर्नामेंटेशन टेक्निक्स और ड्रेस मेकिंग जैसे लोकप्रिय ट्रेड संचालित हैं।
आधुनिक कंप्यूटर लैब, सुसज्जित कार्यशालाओं और अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाता है। प्रवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए संस्थान परिसर में विशेष सहायता काउंटर भी स्थापित किए गए हैं।
छात्राएं किसी भी कार्यदिवस में संस्थान पहुंचकर आवेदन और प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकती हैं। संस्थान प्रशासन ने छात्राओं और अभिभावकों से 30 जून तक आवेदन जमा कराने की अपील की है।
