बाबैन, 19 जून। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करने का संकल्प लिया था जो अब पूरा होता नजर आ रहा है। पिछले 12 वर्षों में इन सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिनका परिणाम आज पूरे देश के सामने है। वर्ष 2014 में भारत विश्व की अर्थव्यवस्थाओं में 11वें स्थान पर था, जबकि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, मजबूत आर्थिक नीतियों और देशवासियों के सहयोग का परिणाम है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी शुक्रवार को बाबैन की मार्केट कमेटी के सभागार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित जन कल्याण शिविर में मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रहे थे। उन्होंने जन कल्याण शिविर का उद्घाटन किया। इसके उपरांत प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी हासिल की।
प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर कार्य कर रही हैं तथा आने वाले वर्षों में भारत विश्व के अग्रणी देशों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सरकारी नीतियों व जनकल्याणकारी योजनाओं पर जन कल्याण शिविर में बोल रहे थे।
प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। पहले देश अपनी रक्षा आवश्यकताओं के लिए बड़े पैमाने पर विदेशों पर निर्भर था, लेकिन आज मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत भारत रक्षा उपकरणों और सैन्य तकनीक के निर्माण में आत्मनिर्भर बन रहा है। देश में निर्मित रक्षा उपकरणों का निर्यात भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे भारत की वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, चेयरमैन जसविंदर जस्सी, सचिव गुरमीत सैनी, सरपंच संजीव सिंह गोल्डी, गुरविंदर सिंह, बख्तावर सिंह, गुरदेव सिंह, रिंकू शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
