करनाल, 19 जून। 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय अनाज मंडी में शुक्रवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर योग प्रोटोकॉल की पायलट रिहर्सल आयोजित की गई जिसमें एसडीएम देवेंद्र शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों तथा स्कूली बच्चों, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि योग साधकों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन प्रात: 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से समारोह से जुड़ेंगे और देशवासियों के नाम अपना शुभ संदेश देंगे, इसके बाद पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। इन दोनों कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण कार्यक्रम में दिखाया जाएगा। इसके बाद योग प्रशिक्षकों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित योग साधकों को योग क्रियाएं करवाई जाएंगी।
एसडीएम ने बताया कि उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है तथा संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के अलावा उप-मंडल स्तर पर भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, नीलोखेड़ी के कार्यक्रम में नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, इंद्री के कार्यक्रम में इंद्री के विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप, घरौंडा के कार्यक्रम में करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, असंध के कार्यक्रम में असंध के विधायक योगेंद्र सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
ये रहे मौजूद
पायलट रिहर्सल के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ सतपाल, जीएम रोडवेज कुलदीप, डीआईपीआरओ सत्यवान महिवाल, सीडीपीओ संतोष सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। योग विशेषज्ञ डॉ. अमित पुंज व अन्य योग प्रशिक्षकों ने मंच से प्रतिभागियों को योग क्रियाएं करवाईं।
