विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल, योजनाओं की जानकारी के साथ— साथ हो रहा आमजन की समस्याओं का समाधान
करनाल,18 जून। केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में घरौंडा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दूसरे दिन जनकल्याण शिविर लगाया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण किया जा रहा है और उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर का शुभारंभ गत दिवस इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप द्वारा किया गया था।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉल्स के माध्यम से जहां एक ओर आमजन को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी जा रही है, वहीं नागरिकों की समस्याओं को सुनकर मौके पर ही उनका समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंच कर सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
एसडीएम राजेश सोनी ने बताया कि जन कल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाते हुए एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और उन्हें लाभान्वित किया जा सके।
