फरीदाबाद। उद्यमियों को गैंगस्टरों से धमकी दिलवाने के मामले में आईबी के सब इंस्पेक्टर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने गिरफ्तार किया है। आरोपित सब इंस्पेक्टर सिकंदर विदेश में बैठे गैंगस्टरों को यहां से उद्यमियों के नंबर भेजता था।

उद्यमियों के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध करवाता था। इसके बाद गैंगस्टर उद्यमियों को रंगदारी मांगने के लिए फोन पर धमकाते थे। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस जांच कर रही है कि मामले में और कितने लोग शामिल है।

आईबी दिल्ली में काम करता है सब इंस्पेक्टर

छांयसा के नंगला मोठूका गांव का रहने वाला सिकंदर आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) दिल्ली में कार्यरत है। आरोपित साल भर से उद्यमियों को गैंगस्टर से धमकियां दिलवाने का काम कर रहा था। गैंगस्टर जो भी रंगदारी उद्यमियों से वसूलते थे। उसमें से कुछ हिस्सा सिंकदर को भी मिलता था।

उद्यमियों को धमकी भरे फोन आने के मामले ही पुलिस ने इससे पहले दीपक गोयल नाम के आरोपित को सेक्टर-9 से गिरफ्तार किया था। दीपक सेक्टर-9 में ही रहता है, वह भी उद्यमी है। दीपक के पास सभी उद्यमियों के पर्सनल नंबर थे। इसलिए वह आसानी से सिकंदर को उद्यमियों के नंबर उपलब्ध करा देता था।

पूछताछ में SI की पोल खुली

13 जून को जब पुलिस आरोपित दीपक को पकड़ने उसके घर गई तो वह बचने के लिए अपनी छत से कूद गया। जिससे उसके दोनों पैर में फ्रैक्चर हो गया था। जिसके आधार कोर्ट ने उसे जमानत दे दी थी। इसके साथ ही अदालत ने क्राइम ब्रांच से कहा था कि वह घर पर ही आरोपित से पूछताछ कर ले।

आरोपित से पूछताछ के बाद पुलिस टीम सब इंस्पेक्टर सिकंदर तक पहुंची। उससे जरूरी पूछताछ की गई। अब पुलिस आरोपितों के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पता किया जा रहा है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वह मामला संवेदनशील है। इसलिए किसी उद्यमी के बारे में कुछ भी जानकारी नहीं दी जा सकती।

दुबई और सिंगापुर से आती थी काॅल

पता चला है कि उद्यमियों को दुबई व सिंगापुर से कॉल आती थी। उद्यमियों ने नंबर की भी जांच कराई थी जो वहीं के निकले। इसलिए उद्यमियों के अंदर दहशत हो गई थी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *