पानीपत। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत कभी-कभी इतनी खतरनाक हो सकती है कि सैकड़ों लोगों की जान जोखिम में पड़ जाए। पानीपत में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां कुछ युवकों ने रील बनाने के लिए जीटी रोड के एलिवेटेड ओवरब्रिज से 10-10 रुपये के नोट उड़ाकर चलते ट्रैफिक के बीच अफरा-तफरी मचा दी।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक छोटे बच्चों के साथ एलिवेटेड ओवरब्रिज पर पहुंचे थे। रील बनाने के दौरान उन्होंने पुल की रेलिंग के पास खड़े होकर नीचे जीटी रोड पर नोट फेंकने शुरू कर दिए। जैसे ही नोट नीचे गिरे, राहगीर, बाइक सवार और आटो चालक उन्हें उठाने के लिए सड़क की ओर दौड़ पड़े।
मामले में सुरक्षा शाखा के कर्मचारी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेज रफ्तार ट्रैफिक के बीच लोग सड़क पर बिखरे नोट समेटने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों के सड़क पर आने से वाहन चालकों को भी ग्राड़ियां धीमी करनी पड़ी।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के अंतिम हिस्से में कुछ दूरी पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो से यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कार्रवाई हुई थी या नहीं।
