असंध/ करनाल, 13 जून। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए असंध के विधायक योगेन्द्र राणा ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और इनके संरक्षण से ही मानव जीवन का अस्तित्व और भविष्य सुरक्षित रहेगा । अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनका संरक्षण कर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।
विधायक शनिवार को सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत वार्ड-1 में फाईव पौंड पर उपमंडल प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष पौधरोपण कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस दौरान विधायक ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। इस मौके पर एसडीएम सुमित सिहाग ने भी पौधारोपण कर आमजन को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
पौधारोपण कार्यक्रम में विधायक की अगुवाई में फाईव पौंड तालाब पर स्थानीय जनप्रतिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों व गणमान्य नागरिकों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के 100 से अधिक पौधे लगाए गए। विधायक ने इस अवसर पर सर्वप्रथम प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को उनके गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने 12 वर्ष की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि अनेक विकासात्मक जन कल्याणकारी योजनाएं लागू होने से आम नागरिकों को लाभ मिल रहा है। पौधरोपण के दौरान उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। एक पौधा न केवल वातावरण शुद्ध करता है बल्कि धरती को हरियाली, स्वच्छता और जीवनदायिनी ऊर्जा भी प्रदान करता है। पर्यावरण संरक्षण के इस जन आंदोलन में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान के दौरान कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का भी संकल्प लें। यह वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस मौके पर एसडीएम सुमित सिहाग ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के तहत वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका की चेयरपर्सन सुनीता रानी, मार्किट कमेटी के चेयरमैन प्रवीन राणा, मार्किट कमेटी जुंडला के चेयरमैन सुशील शर्मा, नायब तहसीलदार राधेश्याम चावला, नपा सचिव प्रदीप जैन, रामअवतार जिंदल, राजेंद्र ढिंगड़ा, संदीप लाठर, अमित राणा, मंडलाध्यक्ष हिमांशु छाबड़ा, डॉ बूटी राम, दीपक छाबड़ा, बृज लाल टक्कर, बाबा सुबे सिंह, पार्षदगण व विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
