करनाल, 13 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार को तरावड़ी स्थित मॉडर्न संस्कृति स्कूल में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में विकास और पर्यावरण संरक्षण को समान प्राथमिकता दी है। एक पेड़ मां के नाम जैसे जन आंदोलनों के माध्यम से देशभर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करनी चाहिए। इससे पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा, स्वच्छ हवा मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, आधारभूत ढांचे के विकास, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।

इस अवसर पर एसडीएम अशोक कुमार ने भी पौधारोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो समाज और पर्यावरण दोनों को बड़ा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं नागरिकों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम में नगर पालिका सचिव अजीत कुमार, नायब तहसीलदार निग्ध, वन विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, स्कूल प्रबंधन तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *