अंबाला, 11 जून। हरियाणा के स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने वीरवार को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समलहेड़ी का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था तथा शिक्षा की गुणवत्ता से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अंबाला छावनी कनिका गोयल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ज्योति सभरवाल, खंड शिक्षा अधिकारी एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मगन तथा अन्य शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने विद्यालय के विभिन्न कक्षों, प्रयोगशाला, खेल सुविधाओं तथा परिसर का निरीक्षण किया।
उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा परिणामों तथा विद्यार्थियों की प्रगति के संबंध में चर्चा की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विशेष तौर पर योजनाएं शुरु की गई है।
विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें आधुनिक शिक्षा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दें और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन के प्रति भी जागरूक करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रशासन द्वारा प्रधान सचिव को विद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में भी अवगत कराया गया।
फोटो : राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समलहेड़ी का निरीक्षण करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया। उनके साथ एसडीएम कनिका गोयल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ज्योति सभरवाल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
