करनाल, 8 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सोमवार को राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संस्थान की 70 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस अवसर पर आयुष विभाग के योग विशेषज्ञ तथा हरियाणा योग आयोग के नोडल अधिकारी डॉ. अमित पुंज ने आधुनिक जीवनशैली में महिलाओं और छात्राओं के लिए योग की अनिवार्य उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसके मुख्य लाभों को साझा किया।
उन्होंने बताया कि मानसिक तनाव और चिंता से मुक्ति आज की छात्राओं पर पढ़ाई और करियर का दोहरा दबाव रहता है। अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम के नियमित अभ्यास से कोर्टिसोल का स्तर कम होता है, जिससे मानसिक शांति मिलती है और एकाग्रता बढ़ती है।हार्मोनल संतुलन महिलाओं को जीवन में कई शारीरिक बदलावों से गुजरना पड़ता है। तितली आसन, भुजंगासन और मर्कटासन पेल्विक क्षेत्र की मांसपेशियों को मजबूत करते हैं और अंत:स्रावी ग्रंथियों को सुचारू कर हार्मोनल असंतुलन व अनियमित मासिक धर्म जैसी समस्याओं को ठीक करते हैं। ताड़ासन, कटिचक्रासन और वज्रासन के अभ्यास से शरीर का पोस्चर सुधरता है और रीढ़ की हड्डी मजबूत होती है। सूर्य नमस्कार का नियमित अभ्यास पूरे शरीर की मांसपेशियों को लचीला बनाता है और स्टेमिना बढ़ाता है। इसके साथ ही कपालभाति प्राणायाम शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकाल कर इम्यूनिटी को मजबूत करता है।आत्मविश्वास और स्वावलंबन जब एक महिला शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ होती है, तो उसका आत्म-विश्वास स्वत: ही बढ़ जाता है।
उन्होंने बताय कि योग से मिलने वाली आंतरिक शक्ति छात्राओं को जीवन की हर चुनौती का सामना करने का साहस देती है। जिला कारागार करनाल में कैदियों के लिए 21 दिवसीय विशेष योग शिविर चलाया जा रहा है। यह शिविर जेल डीएसपी धर्मचंद नैन की देखरेख में आयोजित हो रहा है। आज डॉ. अमित पुंज की देखरेख में योग इंस्ट्रक्टर मुन्ना कुमार तथा कांता द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें 510 बंदियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। जिला करनाल के सभी ब्लॉकों के गांवों में आयुष विभाग के आयुष योग सहायक तथा योग इन्स्ट्रक्टर्स द्वारा संबंधित सरपंच, मेंबर तथा गांववासियों के सहयोग से करनाल में योग जागरण यात्रा निकाली जा रही है।
आयुष विभाग करनाल के सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा हरित योग अभियान के तहत पौधारोपण व वितरण किया जा रहा है।
बाल भवन, करनाल में बच्चों के लिए 1 जून से 21 जून तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिला बाल कल्याण अधिकारी मंजू चौधरी की देखरेख में चल रहे इस शिविर में आयुष विभाग की योग इंस्ट्रक्टर कुमारी गुंजन द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आज शिविर में कुल155 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 40 लडक़े और 115 लड़कियां शामिल रहीं। वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ0 नितिन रोहिला ने बताया कि 09 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सम्बन्ध जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन नारायण ई-टेक्नो स्कूल, आई0टी0आई0 चौक, करनाल में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन मधुबन में योग प्रोटोकॉल शिविर, जिला कारागार करनाल में योग प्रोटोकॉल शिविर, बाल भवन में योग प्रोटोकॉल शिविर का आयोजन किया जाएगा । इसके साथ ही जिला करनाल के सभी ब्लॉकों के गाँवों में आयुष विभाग के आयुष योग सहायक तथा योग इन्स्ट्रक्टर्स द्वारा संबंधित सरपंच, मेंबर तथा गांववासियों के सहयोग से करनाल में योग जागरण यात्रा निकाली जाएगी।
