मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत करनाल से विशेष रेल द्वारा रवाना हुए वरिष्ठ नागरिक श्रद्धालु
महापौर बोलीं— वरिष्ठ नागरिकों की आस्था, सम्मान और सुविधा के प्रति सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध
करनाल। हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत करनाल से पवित्र सोमनाथ धाम के लिए रवाना होने वाली निःशुल्क विशेष रेल यात्रा का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। करनाल रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर के साथ श्रद्धालुओं से भरी विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यह योजना न केवल श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करती है, बल्कि उन्हें सुरक्षित, सुविधाजनक और गरिमापूर्ण वातावरण में देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर भी प्रदान कर रही है।
महापौर ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं उनकी आध्यात्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में यह योजना एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का अभिन्न अंग है तथा ऐसे प्रयास समाज को अपनी जड़ों और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा के अंतर्गत करनाल के वरिष्ठ नागरिक श्रद्धालु 12 जून तक पवित्र सोमनाथ धाम में भगवान श्री सोमनाथ महादेव के दर्शन कर आध्यात्मिक ऊर्जा, पुण्य लाभ और दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सभी तीर्थयात्रियों की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए भगवान श्री सोमनाथ महादेव से प्रदेश और देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की प्रार्थना की।भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर ने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। इस अवसर पर पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
