कुरुक्षेत्र, 8 जून। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा ने कहा कि आयुष हरियाणा व जिला प्रशासन के तत्वाधान में हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जिलेभर में योग जागरूकता गतिविधियां निरंतर आयोजित की जा रही हैं।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. मंजू शर्मा ने आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इसी कड़ी में गवर्नमेंट आईटीआई उमरी में योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वाइस प्रिंसिपल गुरप्रीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 350 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया। योग सहायकों द्वारा विद्यार्थियों को योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत ताड़ासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, शशांकासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन एवं शवासन का अभ्यास करवाया गया। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी तथा ध्यान का अभ्यास भी कराया गया। विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने कहा कि जिले में भारतीय योग संस्थान द्वारा संचालित 54 योग केन्द्रों पर प्रतिदिन लगभग 770 व्यक्ति नियमित योगाभ्यास कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त जिले की सभी व्यायामशालाओं में योग सहायकों द्वारा प्रतिदिन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया जा रहा है, जिसमें आज लगभग 452 प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि 8 जून से 10 जून 2026 तक जिले के सभी योग सहायकों द्वारा गांव-गांव में योग जागरण यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं के माध्यम से आमजन को योग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा का संदेश भी दिया जा रहा है। आज जिले के लगभग 18 गांवों में योग जागरण यात्राएं आयोजित की गईं, जिनमें लगभग 306 व्यक्तियों ने भाग लिया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की एक सम्पूर्ण जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि योग एवं नशामुक्ति दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं तथा योग के माध्यम से युवा पीढ़ी को स्वस्थ एवं सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया है।
