कुरुक्षेत्र। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) की ‘यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज’ (यूएचवी) पहल के तहत उत्तर एवं पश्चिम जोन के क्षेत्रीय निदेशक प्रो. मुंशी यादव ने सोमवार को श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान तथा कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की।
बैठक के दौरान शिक्षा में मानवीय मूल्यों के समावेश, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विश्वविद्यालय में यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रो. मुंशी यादव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और मूल्यनिष्ठ नागरिक तैयार करना भी है। शिक्षा के साथ नैतिक और मानवीय मूल्यों का समावेश विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने कहा कि मूल्य-आधारित शिक्षा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत आधारशिला है। सत्य, प्रेम और करुणा जैसे मानवीय मूल्यों से युक्त उच्च शिक्षा का भाव शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय भी इस महत्वपूर्ण मुहिम से जुड़ रहा है तथा भविष्य में एआईसीटीई के सहयोग से विश्वविद्यालय में कार्यशालाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए यूएचवी से संबंधित प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। बैठक में भविष्य में आयोजित होने वाली कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा विद्यार्थियों में नैतिक, सामाजिक और मानवीय चेतना के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
