चंडीगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से राज्य के विभिन्न राजकीय पालिटेक्निक संस्थानों में करीब एक दर्जन नये आधुनिक, उद्योगोन्मुखी डिप्लोमा एवं तकनीकी पाठ्यक्रम आरंभ किए जाएंगे।
हरियाणा के शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने और प्रदेश की तकनीकी शिक्षा को आधुनिक बनाने के लिए सरकार ने यह निर्णय लिया है। यह कदम उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं, तकनीकों तथा कौशल आधारित रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
पाठ्यक्रम में ये कोर्स शामिल
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि राजकीय संस्थानों में इलेक्ट्रानिक्स इंजीनियरिंग (वीएलएसआइ डिजाइन एवं टेक्नोलाजी), साइबर फारेंसिक्स एवं सूचना सुरक्षा, टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, आर्टिफिसर ट्रेनिंग (इलेक्ट्रिकल), पर्यावरण इंजीनियरिंग, जियो इन्फार्मेटिक्स एवं सर्वेक्षण प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एवं इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलाजी, टेक्नीशियन एक्स-रे टेक्नोलाजी, पत्रकारिता एवं जनसंचार, शुगर टेक्नोलाजी तथा एपैरल डिजाइन एवं फैशन टेक्नोलाजी कोर्स शुरू होंगे।
