इसराना (पानीपत)। गांव कालखा में पेट्रोल पंप पर जिला सोनीपत के गांव भुर्री निवासी नौ वर्षीय जय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जय पेट्रोल पंप पर पानी पी रहा था और बेहोश होकर गिर गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जय पुत्र स्व. मुकेश एक सप्ताह पहले गांव ब्राह्मण माजरा में बुआ कविता के घर आया था। मंगलवार को वह बुआ और बुआ के बेटे के साथ स्कूटी पर कालखा जा रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ते में पेट्रोल पंप पर स्कूटी में पेट्रोल डलवाने के लिए रुके थे। इस दौरान जय पानी पीने पेट्रोल पंप लगे वाटर कूलर पर चला गया।
पानी पीते समय जय बेहोश होकर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों और बुआ ने उसे इसराना के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि खानपुर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजन को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। जय तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
