करनाल, 3 जून।  बाबू मूलचंद जैन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य राकेश भाटिया ने बताया कि संस्थान में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के सहयोग से संस्थान के अनुदेशकों एवं अनुदेशिकाओं के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षकों को नवीनतम औद्योगिक तकनीकों, फायर सेफ्टी तथा ऑटोमोबाइल उद्योग की कार्यप्रणाली से अवगत कराना था।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक डॉ. रुमल राणा द्वारा फायर सेफ्टी, औद्योगिक सुरक्षा तथा आधुनिक ऑटोमोबाइल उद्योग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण में संस्थान के सभी अनुदेशकों एवं अनुदेशिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा उद्योग से संबंधित नवीन जानकारियां प्राप्त कीं।
उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रशिक्षक नवीनतम तकनीकों एवं उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को अद्यतन रख सकें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मारुति सुजुकी के सहयोग से संस्थान में एक अत्याधुनिक मारुति लैब स्थापित की जा रही है, जहां छात्र-छात्राओं को ऑटोमोबाइल उद्योग की प्रोडक्शन लाइन एवं आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके लिए भविष्य में अनुदेशकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में बुधवार को संस्थान में रोजगार मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न ट्रेडों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। इस अवसर पर प्रतिष्ठित कंपनियां हीरो मोटोकॉर्प तथा युनो मिंडा लिमिटेड संस्थान में पहुंचीं और योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया।
उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। संस्थान भविष्य में भी उद्योगों के सहयोग से प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं रोजगारोन्मुख गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षकों को आधुनिक तकनीकों तथा उद्योग जगत की आवश्यकताओं से निरंतर परिचित कराया जा सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *