शाहाबाद, 3 जून। शाहाबाद विधानसभा के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम शंभू राठी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया केवल पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संचालित की जा रही है।
एसडीएम शंभू राठी बुधवार को उपमंडल कार्यालय शाहाबाद  में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।  उन्होंने कहा कि शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में यह विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन कर उसे शुद्ध किया जाएगा, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता और अधिक मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता और सशक्त जनभागीदारी के लिए मतदाता सूची का त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मृत मतदाताओं के नाम हटाने, दोहरी प्रविष्टियों को समाप्त करने, स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड को सत्यापित करने तथा नए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोडऩे का कार्य किया जाएगा। इस पुनरीक्षण के लिए 1 जुलाई, 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है।
एसडीएम शंभू राठी ने कहा कि 14 जून तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। इसी दौरान मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिन बूथों पर 1200 से अधिक मतदाता है उनके रेशनलाइजेशन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई, 2026 को किया जाएगा। इसके पश्चात 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएगी, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा सके तथा सूची में मौजूद त्रुटियों का समयबद्ध समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 1 लाख 72 हजार 945 है। पुनरीक्षण अभियान के तहत 1 लाख 34 हजार 318 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है।

178.04 लाख रुपये की लागत से अजराना कलां, कलसा व मोहड़ी में बनेंगे नए सरकारी आयुर्वेदिक औषधालय : डा. सुमिता मिश्रा
कुरुक्षेत्र, 3 जून।
 स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि सरकार कुरुक्षेत्र जिला में लगभग 1 करोड़ 78 लाख 4 हजार रुपये की अनुमानित लागत से 3 नए सरकारी आयुर्वेदिक औषधालय का निर्माण करेगी। इस पहल का उद्देश्य आयुष स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि अनावर्ती नागरिक कार्य श्रेणी के तहत इस परियोजना की कुरुक्षेत्र के तीन औषधालयों के लिए कुल लागत 178.04 लाख रुपये अनुमानित है।
डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि कुरुक्षेत्र जिला के 3 औषधालयों सहित प्रदेश के 26 सरकारी आयुर्वेदिक औषधालयों के निर्माण के लिए लागत अनुमान हरियाणा के विकास एवं पंचायत विभाग से प्राप्त हो चुके हैं। इनमें कुरुक्षेत्र जिले में अजराना कलां में 59.15 लाख रुपये, कलसा में 59.74 लाख रुपये और मोहड़ी में 59.15 लाख रुपये की लागत से औषधालय का निर्माण किया जाएगा।
डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि ये नए औषधालय विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं के दायरे का विस्तार करेंगे और जिला व प्रदेश के आयुष बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेंगे। इस परियोजना को संबंधित एजेंसियों के समन्वय से पंचायती राज विभाग के माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से निवारक और पारंपरिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में सुधार होगा और चिन्हित जिलों के निवासियों के लिए गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक उपचार सुविधाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed