कुरुक्षेत्र, 30 मई। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जनसंचार एवं मीडिया संस्थान में शुरू किए गए “केयूके पॉडकास्ट”, “मीडिया चौपाल” एवं “केयूके न्यूज” मंच की विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने शुक्रवार सायंकाल संस्थान पहुंचकर सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान द्वारा मीडिया एवं डिजिटल संचार के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा आधुनिक मीडिया तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और डिजिटल प्लेटफॉर्म संचार के सबसे प्रभावशाली माध्यम बनकर उभरे हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय का दायित्व है कि वह विद्यार्थियों को नई तकनीकों एवं आधुनिक मीडिया उपकरणों से परिचित कराए। उन्होंने कहा कि “केयूके पॉडकास्ट”, “मीडिया चौपाल” और “केयूके न्यूज” जैसे मंच विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि पॉडकास्टिंग, डिजिटल रिपोर्टिंग, कंटेंट निर्माण और संवाद कौशल आज के मीडिया उद्योग की प्रमुख आवश्यकताएं हैं। संस्थान द्वारा शुरू की गई ये पहलें विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन मंचों के माध्यम से तैयार होने वाले विद्यार्थी भविष्य में मीडिया, जनसंपर्क तथा संचार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
इस दौरान संस्थान के मीडिया संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने कुलसचिव को “केयूके पॉडकास्ट” की कार्यप्रणाली, “मीडिया चौपाल” के उद्देश्य तथा “केयूके न्यूज” मंच की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मीडिया संस्थान सदैव ऐसे नवाचारों को प्रोत्साहित करता रहेगा जो विद्यार्थियों के कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण में सहायक हों।
इस अवसर पर संस्थान की प्रोफेसर बिंदु शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मधुदीप सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आबिद अली, शिक्षिका रोमा, राजेश शांडिल्य, डॉ. अभिनव, डॉ. तपेश किरण, डॉ. प्रदीप, अमित जांगड़ा, सचिन वर्मा, राकेश कुमार, रितु, सुनिता, अर्पणा, राहुल अरोड़ा, गौरव कुमार, मोनिका, कंचन शर्मा तथा संस्थान के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *