कुरुक्षेत्र, 26 मई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि लगातार गर्मी बढ़ रही है और इसके साथ ही लू (हीट वेव) का प्रकोप भी तेज होता जा रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने से लू के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे सतर्क रहें, विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी की पालना करें तथा स्वयं के साथ-साथ अपने परिवारजनों को भी सुरक्षित रखें।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि दिन के अत्यधिक गर्म समय में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। विशेषकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक, जब लू चलने की संभावना अधिक रहती है, धूप में जाने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को टोपी, दुपट्टे, छतरी या हैट से ढककर रखें तथा हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें, ताकि शरीर का तापमान नियंत्रित रह सके।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी न होने दें। प्यास लगे या न लगे, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। नींबू पानी, लस्सी, छाछ, ओआरएस तथा चावल का मांड जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन लाभदायक है। उन्होंने लोगों को जंक फूड तथा अधिक तेल-मसाले वाले खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह देते हुए कहा कि ताजे फल, हरी सब्जियां एवं घर का हल्का भोजन ही ग्रहण करें।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं तथा बीमार व्यक्ति लू के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं, इसलिए इनका विशेष ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का दिन में कम से कम दो बार हालचाल लें, उन्हें अकेला न छोड़ें तथा उनके लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि खेतिहर मजदूर, निर्माण कार्य में लगे श्रमिक, ट्रैफिक पुलिस कर्मी, डिलीवरी बॉय, रिक्शा चालक तथा अन्य बाहरी कार्य करने वाले लोग समय-समय पर छांव में विश्राम अवश्य करें। साथ ही किसी भी स्थिति में बच्चों को बंद वाहन में अकेला न छोड़ें, क्योंकि वाहन के अंदर तापमान अत्यधिक बढ़ सकता है, जो गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आना, घबराहट, उल्टी, तेज सिरदर्द, बेहोशी या सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय सहायता लें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट किया गया है। इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल सहित जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़ी समस्याओं से बचा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी सतर्क रहें और दूसरों को भी लू से बचाव के प्रति जागरूक करें। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में तुरंत मेडिकल हेल्पलाइन अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में तेज गर्म हवाओं और बढ़े हुए तापमान के कारण लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। खासकर धूप में अधिक समय तक रहने वाले लोगों, खिलाडिय़ों, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लू लगने पर इलाज करवाने से बेहतर है कि पहले से ही सावधानी बरतकर उससे बचाव किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *