गुरुग्राम। गुरुग्राम जिले के विद्यार्थियों के लिए नए शैक्षणिक सत्र से पहले राहतभरी खबर आई है। उच्च शिक्षा विभाग ने गुरुग्राम के चार सरकारी कॉलेजों में यूजी और पीजी स्तर के आठ पाठ्यक्रमों में कुल 360 सीटें बढ़ाने की मंजूरी दी है। सीटें बढ़ने से अधिक विद्यार्थियों को मनचाहे पाठ्यक्रमों में दाखिला मिलने की संभावना बढ़ गई है।
द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में एमएससी भौतिक विज्ञान और बीएससी जीव विज्ञान में 40-40 सीटें बढ़ाई गई हैं। सेक्टर-9 राजकीय महाविद्यालय में एमएससी रसायन शास्त्र और बीएससी जीव विज्ञान में भी 40-40 सीटों की वृद्धि की गई है।
राजनीतिक विज्ञान विषय में भी 40-40 सीटें बढ़ाई
सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर कंप्यूटर विज्ञान और एमएससी वनस्पति विज्ञान में 40-40 अतिरिक्त सीटों को मंजूरी मिली है। इसके अलावा सिधरावली कालेज में जीआइएस एवं रिमोट सेंसिंग डिप्लोमा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम और मानेसर कॉलेज में राजनीतिक विज्ञान विषय में भी 40-40 सीटें बढ़ाई गई हैं।
द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पुष्पा अंतिल ने बताया कि बढ़ती मांग और विद्यार्थियों की रुचि को देखते हुए सीटें बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। जिले के 10 सरकारी कॉलेजों ने करीब 10 हजार सीटों का विवरण पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। पहली मेरिट सूची 11 जून को जारी की जाएगी।
