गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा गुरुग्राम के सेक्टर 45, 46, 51 और 52 के जंक्शन (आंबेडकर चौक) पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है।
इस परियोजना का उद्देश्य शहर के व्यस्त यातायात जंक्शनों में से एक पर ट्रैफिक दबाव को कम करना और इस मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करने वाले निवासियों एवं यात्रियों के लिए यातायात को अधिक सुगम बनाना है।
अंबेडकर चौक, आर्डी सिटी, सोहना रोड एवं आसपास के रिहायशी सेक्टरों के बीच आवागमन के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क जंक्शन है। आसपास के क्षेत्रों में तेजी से हो रहे शहरी विकास एवं बढ़ते यातायात दबाव के कारण इस जंक्शन पर व्यस्त समय के दौरान भारी जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने कहा कि गुरुग्राम में तेजी से शहरी विकास हो रहा है और यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। आंबेडकर चौक पर प्रस्तावित फ्लाईओवर से शहर में संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी तथा यातायात संचालन अधिक सुगम बनाया जा सकेगा।
900 मीटर लंबा एवं चार लेन का फ्लाईओवर बनेगा
परियोजना के तहत आरडी सिटी से सोहना रोड की ओर 900 मीटर लंबा एवं चार लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिससे यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सकेगा तथा जंक्शन पर जाम की स्थिति में कमी आएगी।
