करनाल। जहां श्रीकृष्ण का नाम होता है, वहां हर मन आनंद और प्रेम से सराबोर हो जाता है। इसी भक्ति भाव के साथ करनाल की मेयर रेणु बाला गुप्ता वीरवार को शहर के श्री गोपाल शिव मंदिर पहुँचीं। अवसर था मंदिर के वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय गोपाल जी की लीला चर्चा श्री भक्त वत्सल गोपाल कथा का, जहां तीसरे दिन मेयर ने प्रभु श्रीकृष्ण की भक्ति का रसास्वादन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस पावन अवसर पर मेयर ने ईश्वर प्रेम मिशन, मुंबई से पधारीं विदुषी साध्वी दीपमाला का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनका सान्निध्य प्राप्त किया। कथा श्रवण के उपरांत मेयर ने कहा कि प्रभु की लीलाएं हमें जीवन में सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाती हैं। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि साध्वी दीपमाला के मुखारविंद से प्रवाहित हो रही कथा के माध्यम से समाज में प्रेम, सेवा और सद्भाव का दिव्य संदेश पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल हमें आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। मेयर ने प्रभु गोपाल से समस्त करनाल वासियों की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की।
जीवन में सत्संग और सेवा का विशेष महत्व
मेयर ने अपने संबोधन में जोर दिया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सत्संग ही वह माध्यम है जो हमें सही मार्ग दिखाता है। भगवान गोपाल की लीलाएं हमें सिखाती हैं कि कैसे सेवा और समर्पण के भाव से समाज कल्याण किया जा सकता है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा पीढ़ी को भी अपनी जड़ों और संस्कारों से जुडऩे के लिए ऐसे आयोजनों में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए।
ये गणमान्य जन रहे उपस्थित
वार्षिकोत्सव के इस भक्तिमय कार्यक्रम में मेयर के साथ जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, शहरी मंडल अध्यक्ष मोहन लोधी और पार्षदों की टीम भी मौजूद रही। मुख्य रूप से पार्षद मोनिका गर्ग, अमृतलाल जोशी, ईश कुमार गुलाटी, राजेश अघी के साथ संजीव मदान, मुरली गुप्ता सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर समिति की ओर से मेयर व अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
