करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा गौशालाओं के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे ठोस प्रयासों की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील, दूरगामी और जनहितकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में 619 पंजीकृत गौशालाओं के लिए 228 करोड़ 58 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि जारी करना बेसहारा गोवंश के संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है।
महापौर ने कहा कि यह सहायता सीधे गौशालाओं के संचालन में काम आएगी, जिससे संसाधनों की कमी दूर होगी और गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी गौशाला अभाव में न रहे, इसी सोच के साथ निरंतर आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।
निरंतर सहयोग से तंत्र मजबूत
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा पिछले सवा 11 वर्षों में 526 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक की सहायता गौशालाओं को दी जा चुकी है, जिससे उनका ढांचा मजबूत हुआ है और व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित बनी है।
लाखों गोवंश को मिल रहा सहारा
महापौर ने बताया कि प्रदेश की 697 पंजीकृत गौशालाओं में चार लाख से अधिक बेसहारा गोवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार भविष्य में भी इस दिशा में और प्रभावी कदम उठाकर गौसेवा को और मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *