कुरुक्षेत्र, 7 मई। जिले के सरकारी स्कूल गांव सांवला के विद्यार्थी विवान तथा गांव रामगढ़ के प्रतीक व संस्कार ने भारत स्काउट एंड गाइड के तत्वावधान में पहली सीढ़ी कब के लिए सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान गोल्डन एरो अवार्ड प्राप्त कर जिले, विद्यालय और अपने गांव का नाम रोशन किया है।
यह सम्मान बच्चों को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी इंदू कौशिक एवं सीएमजीजीए मुस्कान यादव द्वारा उनके प्रशिक्षकों वीरेंद्र सिंह तथा सतीश कुमार की उपस्थिति में प्रदान किया गया। अधिकारियों ने बच्चों की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन बच्चों ने विद्यालय, जिला एवं राज्य स्तर पर अनेक चरण सफलतापूर्वक पार किए तथा कई दिनों तक घर से दूर रहकर विभिन्न शिविरों में भाग लिया। उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम उन्हें राष्ट्रीय स्तर का यह प्रतिष्ठित गोल्डन एरो अवार्ड मिलने के रूप में प्राप्त हुआ। बच्चों की इस सफलता में उनके प्रशिक्षकों वीरेंद्र सिंह एवं सतीश कुमार का विशेष योगदान रहा। दोनों प्रशिक्षकों ने निरंतर मेहनत करते हुए हर कदम पर बच्चों का मार्गदर्शन किया तथा विभिन्न शिविरों में उनके साथ रहकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर भारत स्काउट एंड गाइड के जिला संगठन आयुक्त अमित कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों और उनके शिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा विभाग की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
