-जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
कुरुक्षेत्र, 7 मई
। ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा गांवों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिला परिषद कार्यालय में विकास एवं पंचायत विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  विरेंद्र चौधरी ने की।
वीरवार को पंचायत भवन के सभागार में आयोजित बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन तथा लंबित कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों, एचआरडीएफ, एसएफसी, एफएफसी, महिला चैपाल, शामलात भूमि को पट्टे पर देने की प्रक्रिया, जल निकायों के संवर्धन, लेखा-जोखा पोर्टल तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत किए जा रहे कार्यों पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, विधायक आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, वीबी-जी-राम-जी (मनरेगा), मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 सहित अन्य योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पर भी अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने सरकार की योजना के तहत 500 वर्ग गज तक के अवैध कब्जों को नियमित करने के लिए केसों को नियमानुसार जल्द से जल्द तैयार करके भिजवाने बारे निर्देश भी दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरेंद्र चौधरी ने जन संवाद एवं सीएम विंडो पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निपटान समयबद्ध अवधि में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का वास्तविक लाभ लोगों को मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता, ग्रामीण आवास, रोजगार सृजन तथा जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, लंबित मामलों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए भी कहा। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे ज्ञान भारतम् अभियान के तहत प्राचीन पाण्डुलीपियों के संरक्षण के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले सर्वे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरेंद्र चौधरी ने कहा कि जिला परिषद् की अध्यक्षा कंवलजीत कौर के मार्गदर्शन में सरकार की योजनाओं को क्रियान्वित करने के लिए जिला परिषद व डीआरडीए की पूरी टीम एकजुट होकर काम कर रही है।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्णलाल, डीडीपीओ विकास चैधरी, कार्यकारी अभियंता अमन कुमार, लेखा अधिकारी सत्य भूषण, समस्त खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी, समस्त एसडीओ व जेई (पंचायती राज) एचएसआरएलएम, डीआरडीए तथा जिला परिषद के अधिकारी, समस्त एबीपीओ (मनरेगा) तथा सभी खंडों सेे आए ग्राम सचिव उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *