करनाल, 24 अप्रैल।  करनाल विधानसभा क्षेत्र विधायक जगमोहन आनंद के प्रयास से विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। आए दिन विधायक द्वारा अपने क्षेत्र के विकास को लेकर शासन व प्रशासन के समक्ष नई-नई परियोजनाओं को अमली जामा पहनाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को विधायक जगमोहन आनंद व मेयर रेनू बाला गुप्ता ने संयुक्त रूप से शहर में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया और जनता को करीब 1 करोड़ 28 लाख 11 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।

इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद व मेयर रेनू बाला गुप्ता का शहर के नागरिकों व विभाग के अधिकारियों द्वारा पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया और आभार जताया। विधायक जगमोहन आनंद व मेयर रेनू बाला गुप्ता ने इस दौरान 43.55 लाख रुपये की लागत से ग्रीन बेल्ट सेक्टर-13, 14 एवं 6 में चारदीवारी की मरम्मत, ग्रिल फेंसिंग, एमएस गेट एवं अन्य संबंधित कार्य, 41.91 लाख रुपये की लागत से सेक्टर-13 एवं 14 में वॉकिंग पाथ का नवीनीकरण, चेकरड टाइल्स एवं इंटरलॉकिंग पावर ब्लॉक्स का कार्य, 42.75 लाख रुपये की लागत से गार्डन बेंच, डस्टबिन, रेन शेल्टर एवं मल्टी प्ले स्टेशन की स्थापना (प्रक्रियाधीन) विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।

इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि यह कार्य मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुआ है, जो करनाल के समग्र विकास को नई दिशा देने का कार्य करेगा। यह परियोजना न केवल शहर की सुंदरता को बढ़ाएगी, बल्कि नागरिकों को बेहतर और व्यवस्थित सुविधाएं भी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि करनाल परिवारजनों की सेवा और शहर के निरंतर विकास के लिए हम सभी संकल्पित हैं।

इस अवसर पर सम्पदा अधिकारी अदिति, हॉर्टीकल्चर की कार्यकारी अभियंता डॉ. निधि भारद्वाज, कैलाश चंद गुप्ता, पार्षद संकल्प भंडारी व गौरव नागपाल, विकास कथूरिया, जिला उपाध्यक्ष प्रियंका कठपाल सहित वार्डवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *