करनाल, 24 अप्रैल। जिला की मंडियों में गेहूं की आवक अंतिम चरण में है। गेहूं खरीद कार्य पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा द्वारा स्वयं अनाज मंडियों का दौरा किया गया है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गेहूं की खरीद सुचारू रूप से जारी रखें, किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न आने दी जाए तथा मंडियों से गेहूं का उठान समय पर सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने बताया कि गत दिवस तक जिला में करीब 7 लाख 63 हजार 276 मीट्रिक टन की आवक विभिन्न खरीद केंद्रों व मंडियों में हुई। उन्होंने बताया कि विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा 720501 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया जिसमें से खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा 287658 मीट्रिक टन, हैफेड द्वारा 328103 मीट्रिक टन, हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन द्वारा 100612 मीट्रिक टन तथा एफसीआई द्वारा 4128 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। जिसमें से 358076 मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिला में गेहूं की फसल की खरीद के बाद उठान पर जोर देने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उठान के बाद किसानों को खरीद एजेंसियों द्वारा तय समय पर भुगतान भी सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। बिक्री के दौरान किसानों को आने वाली किसी भी प्रकार की समस्या के त्वरित समाधान के लिए जिला राजस्व कार्यालय (डीआरओ) में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके साथ ही गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने और किसानों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0184-2267271 व 0184-2980735 जारी किए गए हैं। यह हेल्पलाइन सेवा रोजाना प्रात: 6 से रात्रि 8 बजे तक क्रियाशील है।
