करनाल, 15 अप्रैल। प्रदेश स्तरीय ‘नॉन स्टॉप हरियाणा’ अभियान के तहत स्वच्छ, स्वस्थ, नशा मुक्त, शिक्षित और विकसित हरियाणा के उद्देश्य से साइकिल जन-जागरूकता रैली आज करनाल पहुंची। हिसार, हांसी व कैथल होते हुए आई इस रैली का प्रशासन ने स्वागत कर स्काउट्स को सम्मानित किया। उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजराणिया ने युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया और अंबाला के लिए रवाना किया।
बता दें कि यह रैली मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नशामुक्त हरियाणा विजन के तहत निकाली जा रही है। अभियान की शुरुआत 17 मार्च को संत कबीर कुटीर से की गई थी। रैली के माध्यम से नशामुक्त, स्वच्छ व शिक्षित हरियाणा का संदेश दिया जा रहा है। ग्रुप लीडर सागर सज्जन सिंह के नेतृत्व व ग्रुप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण कुमार के मार्गदर्शन में टीम प्रदेशभर में जागरूकता फैला रही है। कार्यक्रम में उप नोडल अधिकारी हिमांशु भाटी सहित विवेक, पार्थ, हर्षित, माहिर, विनय, राहुल, रिंकू, देवेश, मयंक, खुशी, तमन्ना आदि रोवर्स रेंजर्स व पदाधिकारी मौजूद रहे।
