केयू कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने शोध पत्रिकाओं का किया विमोचन
कुरुक्षेत्र, 15 अप्रैल।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बुधवार को यूनिवर्सिटी रिसर्च जर्नल (कला एवं मानविकी) के खंड 59 के अंक 1(2025) व अंक 2(2025)  तथा जर्नल ऑफ हरियाणा स्टडीज के खंड 53 के अंक 1 (2025) का  विमोचन किया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि शोध कार्यों का प्रकाशन विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि ये पत्रिकाएँ शोध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान को साझा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि यूनिवर्सिटी रिसर्च जर्नल एक बहुभाषी पत्रिका होने के कारण विभिन्न विषयों के शोध को आमजन तक पहुँचाने में सहायक है, खासकर भारतीय भाषाओं में ज्ञान के प्रसार में इसकी अहम भूमिका है।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि जर्नल ऑफ हरियाणा स्टडीज हरियाणा के इतिहास, संस्कृति, समाज और समकालीन विषयों पर गंभीर अकादमिक विमर्श को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी। इसमें प्रकाशित शोध लेख विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे तथा क्षेत्रीय अध्ययन को नई दिशा देंगे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का स्कोपस इंडेक्स 105 तक पहुँच चुका है, जो शोध गुणवत्ता और वैश्विक पहचान में निरंतर वृद्धि का प्रतीक है।
इस मौके पर प्रधान संपादक प्रो. दिनेश कुमार गुप्ता ने पत्रिकाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित डेटाबेस में अनुक्रमित कराने और यूजीसी-सूचीबद्ध प्रकाशनों में शामिल कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में डीन प्रो. संजीव अग्रवाल सहित प्रो. एस.के. चहल, प्रो. तेजेन्द्र शर्मा, प्रो. हरदीप जोशी, प्रो. कुलदीप सिंह, प्रो. वनिता ढींगरा, डॉ. जितेन्द्र भारद्वाज, लोक सम्पर्क विभाग की उप-निदेशक डॉ. जिम्मी शर्मा, डॉ. पवन कुमार, डॉ. आनंद जायसवाल, डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. नीरज बातिश, डॉ. हरिओम फुलिया, रामेश्वर सैनी, राहुल वर्मा और विकास सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *