करनाल, 15 अप्रैल। उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा ने आज जिला सचिवालय में निसिंग ब्लाक के गांव कतलाहेडी के सरकारी स्कूल की तीन छात्राओं को बेस्ट विलेज अवार्ड के तहत सम्मानित किया। इन्हें क्रमश: 75, 45 व 30 हजार रुपये के चेक वितरित किए। उपायुक्त ने तीनों छात्राओं को शुभकामनाएं व बधाई देते हुऐ उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। साथ ही कड़ी मेहनत से आगे की पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर सिविल सर्जन पूनम चौधरी व उप सिविल सर्जन डा. शीनू चौधरी ने बताया कि 2025 में कतलाहेड़ी गांव में जन्मे 54 शिशुओं में से 34 लड़कियां और 20 लडक़े थे। इस प्रकार इस गांव का लिंगानुपात 1700 रहा। इस गांव की आबादी 5029 है। उन्होंने बताया कि बेस्ट विलेज अवार्ड उसी गांव को दिया जाता है जिसकी आबादी 5 हजार से अधिक हो और हर साल तीस से ज्यादा प्रसव हुए हों। इसके आधार पर लिंगानुपात निकाला जाता है। सर्वाधिक लिंगानुपात वाले गांव की तीन मेधावी छात्राओं को बेस्ट विलेज अवार्ड के तहत सम्मानित किया जाता है। आज कतलाहेडी के सरकारी स्कूल की दसवीं कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहने वाली तीन छात्राओं अंशुल, पायल व लक्की को उक्त राशि के चेक देकर सम्मानित किया गया।
