सपनों का घर बनेगा अब हकीकत, 226 ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स का ड्रॉ। रेवाड़ी में एडीसी की अध्यक्षता में ड्रा सफलतापूर्वक संपन्न। योजना से गरीब परिवारों को मिल रहा सम्मानजनक जीवन का आधार।
मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के पात्र परिवारों को किफायती दरों पर आवास उपलब्ध कराने की दिशा मे रेवाड़ी के राज इंटरनेशनल स्कूल में आरक्षित फ्लैटों के आवंटन के लिए ड्रॉ प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। इस ड्रॉ की अध्यक्षता जिले में योजना के नोडल अधिकारी एवं एडीसी राहुल मोदी द्वारा की गई। ड्रॉ प्रक्रिया का आयोजन पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया गया, जिसमें कुल 226 पात्र आवेदकों को शामिल किया गया।
एडीसी राहुल मोदी ने बताया कि यह पहल राज्य सरकार की सबका साथ, सबका विकास की नीति के अनुरूप आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने बताया कि नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग द्वारा लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आरक्षित ईडब्ल्यूएस फ्लैटों का यह आवंटन किया गया है। योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को लगभग 200 वर्ग फुट क्षेत्रफल के फ्लैट मात्र 1.50 लाख रुपये की किफायती दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अपने स्वयं के आवास का सपना साकार कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि पात्र व्यक्यिों को 25 प्रतिशत राशि जमा करवाने के उपरांत फ्लैट के अलॉटमेंट लेटर प्रदान कर दिए जाएंगे। आयोजन स्थल पर जिला प्रशासन द्वारा बैंकों के हेल्प डेस्क स्थापित किए गए थे, ताकि पात्र लाभार्थियों को किफायती दरों पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सके।
एडीसी ने बताया कि ड्रॉ का परिणाम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है, जहां लाभार्थी अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके अलावा लघु सचिवालय में भी सूची चस्पा करवा दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पात्र लाभार्थी किसी भी प्रकार की अफवाहों या अपुष्ट सोशल मीडिया संदेशों पर ध्यान न दें और केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही अपने ड्रॉ का परिणाम देख सकते हैं।
