आर्ट एंड कल्चरल अफेयर्स , हरियाणा सरकार द्वारा कुरूक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर के नजदीक के डी बी मेला ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय बैसाखी महोत्सव–2026 में जी.एम.एन. कॉलेज की हरियाणवी ऑर्केस्ट्रा टीम ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टीम की शानदार और ऊर्जावान प्रस्तुति ने कार्यक्रम में हरियाणवी लोक संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
कॉलेज की हरियाणवी ऑर्केस्ट्रा टीम ने यह प्रस्तुति प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त के मार्गदर्शन तथा डॉ. चंद्रपाल पूनिया के कुशल नेतृत्व में दी। कलाकारों राहुल, तुषार, रमन, अंकुश, साहिल, करन, करन बावा, सनमदीप सिंह, हार्दिक, समर ने पारंपरिक हरियाणवी लोकगीतों और संगीत की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में उत्साह और आनंद का विशेष माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने पूरी टीम को शानदार प्रस्तुति के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे डॉ. चंद्रपाल पूनिया ने कहा कि हरियाणवी लोक संगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी लोक संस्कृति को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है, जिससे न केवल उनकी प्रतिभा को पहचान मिलती है बल्कि हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। इस अवसर पर कॉलेज में युवा एवं संस्कृति समिति के सलाहकार सदस्य राजिंदर मीरवाल भी टीम के साथ उपस्थित रहे और उन्होंने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *