चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने अनुकंपा (एक्स-ग्रेशिया) के आधार पर पिछले पांच वर्षों में की गई नियुक्तियों का पूरा रिकार्ड मांगा है। मानव संसाधन विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वर्ष 2021 से 2026 तक तृतीय और चतुर्थ श्रेणी पदों पर की गई नियुक्तियों का विस्तृत ब्योरा तत्काल उपलब्ध कराया जाए।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी विभागों से पूछा है कि इस अवधि में कितनी अनुकंपा नियुक्तियां दी गईं और कितने मामले अभी भी लंबित हैं। इसके लिए निर्धारित फार्मेट में विभागवार जानकारी भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की जा सके। स्पष्ट किया गया है कि जानकारी केवल विभागाध्यक्ष स्तर से ही भेजी जाएगी।
अधीनस्थ कार्यालयों से सीधे भेजी गई रिपोर्ट स्वीकार नहीं होगी। इससे डेटा की विश्वसनीयता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। सोमवार की शाम पांच बजे तक इसके लिए डेडलाइन तय की है। रिपोर्ट ईमेल और विशेष दूत के माध्यम से भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
