अधिकारियों से बैठक कर रिंग रोड के कार्य में तेजी की बनाई रणनीति
करनाल, 12 मार्च
– हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज करनाल में निर्माणाधीन रिंग रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े और परियोजना को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। इस मौके पर उपायुक्त उत्तम सिंह, एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रिंग रोड का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा घरौंडा हल्के में आता है। इस प्रोजेक्ट के निर्माण के बाद क्षेत्र का विकास बढ़ेगा। यह प्रोजेक्ट युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर प्रदान करेगा।
श्री कल्याण ने कहा कि समय-समय पर रिंग रोड का निरीक्षण किया जा रहा है। पिछले एक वर्ष में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा 100 से अधिक विषयों का निराकरण किया जा चुका है। वर्तमान में रिंग रोड से संबंधित जो भी समस्याएं या मांगें सामने आई हैं, उन पर आज अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। इन सभी विषयों पर एक औपचारिक प्रस्ताव बनाकर जल्द ही एनएचएआई को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट सत्र की समाप्ति के बाद वे स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ इस प्रोजेक्ट और किसानों की मांगों पर विशेष चर्चा करेंगे।

धरना दे रहे किसानों से किया संवाद
पिछले कुछ दिनों से धरने पर बैठे किसानों के विषय में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि उन्होंने आज किसानों से मुलाकात कर उन्हें प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के नाते नहीं घरौंडा विधायक के नाते आपसे मिलने आया हूं। मैं खुद एक किसान हूं। इसलिए किसानों की दिक्कत अच्छे से समझता हूं। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा कर्तव्य है कि किसानों की जायज मांगों को मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार व केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तक पहुँचाया जाए। आज किसानों से बात की है और उनसे धरना समाप्त करने का अनुरोध किया है।

अधिकारियों के साथ की बैठक
निरीक्षण से पहले हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एनएचएआई के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उपायुक्त उत्तम सिंह व घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी मौजूद रहे। बैठक में रिंग रोड से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही किसानों की शिकायतों और रास्तों से संबंधित बाधाओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *