व्यवस्थित व पारदर्शिता के साथ आमजन को मुहैया कराए राजस्व सेवाएं,उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने एसडीएम कार्यालय लाडवा, तहसील कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों का किया निरीक्षण
लाडवा, 12 मार्च।
 उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित व पारदर्शिता के साथ आमजन को राजस्व सेवाएं मुहैया कराना विभाग का दायित्व है, जिसे बखूबी निभाया जाए। इतना ही नहीं  कार्यालयों में आने वाले नागरिकों को पारदर्शी और सरल सेवाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने वीरवार को एसडीएम कार्यालय लाडवा, तहसील कार्यालय लाडवा का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने तहसील के निरीक्षण के दौरान  पेपरलेस रजिस्ट्रेशन, हेल्प डेस्क, राजस्व कोर्ट तथा ई-दिशा केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा की। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान कार्यालयों परिसर की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया और साफ-सफाई सहित मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने विभिन्न शाखाओं में चल रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित रजिस्टरों और अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि आमजन को समय पर और बिना किसी परेशानी के सेवाएं मिलें। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंडिंग म्यूटेशन, इंतकाल और गिरदावरी के मामलों को बिना विलंब ऑनलाइन किया जाए और प्रत्येक प्रकरण का समय पर निपटान सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने राजस्व कार्यालय में मौजूद नागरिकों से भी बातचीत कर राजस्व सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम अनुभव मेहता, तहसीलदार नवम धनिया, नायब तहसीलदार बलकार सिंह, बीडीपीओ विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *