हरियाणा में ग्रुप-C भर्ती की 32 हजार से अधिक पदों के लिए होने वाली भर्ती के लिए PMT टेस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।

हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) के द्वारा जारी शेड्यूल में तय हो गया है कि PMT में महिला अभ्यर्थियों की छाती भी नापी जाएगी। PMT की शुरुआत 2 अगस्त से होगी और 20 अगस्त तक टेस्ट होंगे। इस बार PMT 19 दिन के लिए आयोजित किया जाएगा।

यहां देखिए किसका कब है PMT
2 अगस्त को पुरुष उम्मीदवारों के लिए फॉरेस्ट रेंजर, डिप्टी रेंजर, फॉरेस्टर के पदों के लिए PMT होगा। फायर स्टेशन अफसर, सब फायर स्टेशन अफसर, फायर ऑपरेटर कम ऑपरेटर के लिए 3 से 7 अगस्त तक का शेड्यूल है। ड्राइवर कम पंप ऑपरेटर फायर के लिए 8 अगस्त को PMT होगा।

20 को होगा महिला अभ्यर्थियों का PMT
कंपनी कमांडर, प्लाटून कमांडर के लिए 9 अगस्त की डेट तय की गई है। सहायक जेल अधीक्षक पुरुष, वार्डर पुरुष के लिए 10 अगस्त से 19 अगस्त तक PMT होगा। महिला उम्मीदवारों के लिए फॉरेस्ट रेंजर, डिप्टी रेंजर, फॉरेस्टर, सहायक जेल अधीक्षक, फीमेल वार्डर, फायर स्टेशन अफसर, सब फायर अफसर, फायर ऑपरेटर कम ड्राइवर के लिए 20 अगस्त की तारीख तय है।

नियमों का सख्ती से होगा पालन
हरियाणा सरकार की ओर से कहा गया है कि भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने भी अपने मॉडल दिशा-निर्देशों में भर्ती के लिए पुरुषों और महिलाओं दोनों के मामले में लंबाई-छाती के माप के लिए शारीरिक मानक बनाए हैं। राज्य सरकार भी इन नियमों के अनुसार ही भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी। नियमों का सख्ती से पालन कराएगी।

माप के लिए महिलाओं की तैनाती
पड़ोसी राज्य पंजाब भी फॉरेस्ट फील्ड स्टाफ की भर्ती के मामले में पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवारों के मामले में लंबाई व छाती के लिए शारीरिक मानकों के नियम का पालन कर रहा है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान महिला उम्मीदवारों का शारीरिक माप लेने के लिए केवल महिला डॉक्टरों और कर्मचारियों को ही तैनात किया जाता है। हरियाणा में भी इस वर्ष की चयन प्रक्रिया के दौरान इन नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

नियम के तहत होगा माप
हरियाणा में महिलाओं की छाती की नाप हरियाणा वन सेवा (कार्यकारी) ग्रुप C नियम (1998) के अनुसार किया जा रहा है। इन नियमों के तहत पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए लंबाई व छाती के लिए शारीरिक मानक निर्धारित किए गए हैं। पहले भी ऐसी भर्तियां इन्हीं शारीरिक मानकों के आधार पर होती रही हैं। इन शारीरिक मानकों के आधार पर 22 महिला वन रक्षकों और 4 महिला वनपालों की भर्ती की जा रही है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *