हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने उपायुक्त को दिए तैयारियां करने के आदेश, मेले को बांटा जाएगा 20 सैक्टरों में, करीब 4500 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी, लगभग 400 बसे व चलेगी विशेष ट्रेन, 25 जगहों पर बनेंगे पार्किंग स्थल, करीब 370 सीसी टीवी कैमरों से रखी जाएगी सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी
कुरुक्षेत्र, 15 अक्टूबर।      उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र के सूर्य ग्रहण मेले में लगभग 5 लाख श्रद्धालुओं के लिए सरकार व प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए जाएंगें। इन श्रद्धालुओं के लिए लगभग 400 बसे व विशेष ट्रेन भी चलाई जाएगी। इतना ही नहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए करीब 4500 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों की नियुक्ति के साथ साथ लगभग 2000 होमगार्ड के जवानों को तैनात किया जाएगा। इस मेले में 370 से ज्यादा सीसी टीवी कैमरे भी लगाए जाएंगें।
उपायुक्त शांतनु शर्मा लघु सचिवालय के सभागार में सूर्यग्रहण मेले को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए कहा कि आगामी 25 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में लगने वाले सूर्यग्रहण मेले में लगभग 5 लाख श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है जिनके लिए व्यापक स्तर पर आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।  मुख्य सचिव ने कहा कि मेला के लिए स्पेशल बसें भी चलाई जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को कुरुक्षेत्र के मेला क्षेत्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।  बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के सफलतापूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और पर्यटन विभाग आपसी सामंजस्य से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में पब्लिक एड्रैस सिस्टम को और अधिक मजबूत  किया जाए ताकि कोई भी व्यक्ति मोबाइल एप के माध्यम से बड़ी आसानी से मेले से संबंधित सूचनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेला ग्राउंड में एंबुलेंस की व्यवस्था, स्ट्रैचर्स, डॉक्टरों की टीमों को लगाया जाए। इसके साथ ही अग्निशमन गाड़ियों की भी व्यवस्था होनी चाहिए। ब्रह्मसरोवर पर नावों, गोताखोरों एवं तैराकों को लगाया जाना सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि मेले की सुरक्षा के दृष्टिगत कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। श्रद्धालुओं के रहने, पीने के पानी, शौचालय, पार्किंग, इत्यादि सुविधाओं की भी उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में बिजली और टेलीफोन की भी व्यवस्था की जाए। इसके अलावा, मेला क्षेत्र में सफाई की पूर्ण व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ई रिक्शा एवं मिनी बसें भी चलाई जाएं और पड़ोसी राज्यों के साथ भी परिवहन संबंधी समन्वय स्थापित किया जाए। इसके अलावा रेलवे के साथ भी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को कुरुक्षेत्र में पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में बताया गया कि मेला क्षेत्र को 20 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिसकी सुरक्षा के लिए लगभग 4500 पुलिसकर्मी और 2000 होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा मेला ग्राउंड में पुलिस कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। मेले एरिया की सुरक्षा के लिए ड्रोन की सहायता से वीडियोग्राफी भी की जाएगी।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मेला क्षेत्र से मुख्य सडक़ तक एक डैडिकेटिड रूट बनाया जा रहा है, जिसके माध्यम से एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और पुलिस वाहनों की आवाजाही आसानी से हो सकेगी। बैठक में बताया गया कि मेले के दौरान सभी श्रद्धालुओं का ग्रुप इंश्योरेंस करवाया जाएगा। इसके अलावा, पार्किंग व्यवस्था के लिए 25 पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया गया है। बैठक में बताया गया कि मेले के दौरान यदि कोई बच्चा या व्यक्ति गुम हो जाता है तो उनके लिए हेल्प डेस्क स्थापित किये जाएंगे। मेला क्षेत्र में जगह-जगह पर रिसेप्शन सेंटर स्थापित भी किए जाएंगे। बैठक में  गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टी.वी.एस.एन. प्रसाद, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी उमाशंकर, अतिरिक्त मुख्य प्रधान सचिव डा.अमित अग्रवाल,, मंडलायुक्त, करनाल रेणू फुलिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *