27 से 29 अक्टूबर तक करनाल में लगेंगे मेहंदी स्टॉल, बेटियों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने की पहल
करनाल 24 अक्टूबर। सेवा भारती हरियाणा प्रदेश (रजि.) द्वारा करवा चौथ के उपलक्ष्य में महिलाओं के हाथों पर मेहंदी लगाने के लिए 27, 28 और 29 अक्टूबर 2026 को शहर में विभिन्न स्थानों पर मेहंदी स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर मेहंदी कला में प्रशिक्षित बहनों द्वारा महिलाओं के हाथों पर मेहंदी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह प्रकल्प पिछले 6 वर्षों से सफलतापूर्वक किया जा रहा है। हर वर्ष बेटियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।
सेवा भारती के प्रांत उपाध्यक्ष रोशन लाल ने बताया कि इस मेहंदी प्रकल्प के तहत करीब 100 बेटियों को प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारा गया है। शहर में 12 विभिन्न स्थानों पर स्टाल लगाकर यह प्रकल्प संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य बेटियों की प्रतिभा को निखारकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपनी कला और हुनर के माध्यम से आगे बढ़ सकें और स्वावलंबी बनें।
संस्था की ओर से शहर में कुल 11 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें सेक्टर-6 स्थित शिव मंदिर, पीएनबी एटीएम के पास 2 स्टॉल, सेक्टर-7 में भारत माता मार्केट के सामने 2 स्टॉल, सेक्टर-8 मार्केट में 1 स्टॉल, नरसी विलेज के तिरंगा चौक पर 1 स्टॉल, सेक्टर-32 में टू बेल्यू प्रॉपर्टी, मेन रोड पर 1 स्टॉल, सेक्टर-13 में राम वाटिका पार्क, डॉ. गुप्ता काला मार्केट के पास 2 स्टॉल, सनातन धर्म मंदिर के सामने 1 स्टॉल, दुपहरा मार्केट में फ्लाईओवर के नीचे 1 स्टॉल तथा सत्य सेवा सदन, मॉडल टाउन में 1 स्टॉल शामिल हैं।
जिलाध्यक्ष विपिन अरोड़ा ने बताया कि सेवा भारती का उद्देश्य महिलाओं को पारंपरिक मेहंदी कला के माध्यम से सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। संस्था की ओर से इस आयोजन में अधिक से अधिक महिलाओं से भाग लेने की अपील की गई है। कार्यक्रम की देखरेख कर रहे प्रान्त सह कोषाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल ने बताया कि इस मेहंदी प्रकल्प के माध्यम से बेटियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। सेवा भारती का प्रयास है कि बेटियां अपने हुनर को निखारकर आत्मनिर्भर बनें और समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित करें।
