पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता—महापौर
करनाल 18 सितंबर,      

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प एवं सेवा सेतु अभियान के तहत सेक्टर-6 स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित शिविर का शुक्रवार को महापौर रेणु बाला गुप्ता ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में पहुंचकर नागरिकों को उपलब्ध करवाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली तथा लाभार्थियों से बातचीत की। महापौर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लोगों को दी जा रही योजनाओं की जानकारी और मौके पर की जा रही कार्रवाई का भी जायजा लिया। महापौर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक सीधे पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले नागरिकों को योजनाओं की सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई जाए तथा पात्र लाभार्थियों की आवश्यक प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
13 पथ विक्रेताओं के आवेदन लिए, 4 को मौके पर मिला लेटर ऑफ रिकमेंडेशन।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं को लाभ पहुंचाने के लिए आवेदन प्रक्रिया करवाई गई। इस दौरान कुल 13 पथ विक्रेताओं के आवेदन प्राप्त किए गए, जिनमें से 4 आवेदकों को मौके पर ही लेटर ऑफ रिकमेंडेशन जारी किया गया। शिविर में आए पथ विक्रेताओं को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना की भी दी गई जानकारी।
शिविर में नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को योजना के प्रावधानों, पात्रता तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में अवगत करवाया। पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी उपलब्ध करवाई गई।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकार की योजनाओं का लाभ—महापौर।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में सेवा सेतु अभियान के माध्यम से पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण 25 वर्ष देश की सेवा में समर्पित किए हैं। उनकी सेवा भावना को देखते हुए हरियाणा सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान एवं सेवा सेतु अभियान के माध्यम से लोगों की सेवा करने और उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे का कार्य किया जा रहा है। महापौर ने कहा कि सरकार द्वारा गरीब, जरूरतमंद, पथ विक्रेताओं, श्रमिकों तथा अन्य पात्र वर्गों के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए इस प्रकार के शिविर महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविरों में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाएं।
तीन स्थानों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लगेंगे विशेष शिविर।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार विशेष शिविर निम्न तीन स्थानों पर अलग-अलग तिथियों में आयोजित किए जाएंगे—
कार्यक्रम के अनुसार सामुदायिक केन्द्र सेक्टर-6 में 19 सितंबर 2026, सामुदायिक केन्द्र प्रेम नगर में 21, 22 एवं 24 सितंबर 2026 तथा सामुदायिक केन्द्र सेक्टर-13 में 25, 26 एवं 28 सितंबर 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर वार्ड नंबर-8 के पार्षद संकल्प भंडारी, वार्ड नंबर-9 की पार्षद सुजाता अरोड़ा, वार्ड नम्बर-5 के पार्षद सुभाष चंद, पूर्व चेयरपर्सन मेघा भंडारी, मनोनीत पार्षद उत्सव प्रोचा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *