बराड़ा, 17 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरवार को लघु सचिवालय बराड़ा के प्रांगण में “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सतीन्द्र सिवाच ने की। इस अवसर पर एसडीएम ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, संकल्प, विश्वास, जनभागीदारी और जनकल्याण का संदेश दिया।
एसडीएम सतीन्द्र सिवाच ने कहा कि “आशीर्वाद का दिया” केवल दीप प्रज्वलित करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह जनता और प्रशासन के बीच विश्वास, सेवा भावना और आपसी जुड़ाव का प्रतीक है। दीपक अंधकार को दूर कर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचने से उसके जीवन में उम्मीद और विकास की नई रोशनी आती है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने के लिए जागरूक करना है। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकार एवं योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत “अपने सपनों का भारत”, “सेवा ज्योति यात्रा” और “नमो शक्ति रथ” जैसी गतिविधियों के माध्यम से भी जन-जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य नागरिकों को विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं से जोड़ना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
एसडीएम ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर सकारात्मक योगदान दे, तो प्रदेश और देश के विकास को नई गति मिल सकती है।
उन्होंने विशेष रूप से “नशा-मुक्त हरियाणा” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा। माता-पिता, शिक्षक, युवा, सामाजिक संगठन और प्रशासन मिलकर युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
एसडीएम ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने सपनों को साकार करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझें। उन्होंने कहा कि एक दीपक स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता है। इसी भावना के साथ हम सभी को सेवा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सेवा, जनकल्याण, नशामुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर “आशीर्वाद का दिया” जलाकर सेवा एवं जनभागीदारी की ज्योति को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महिला मोर्चा रिचा पाहवा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोनिका कालड़ा, सीएम विंडो व कष्ट निवारण समिति सदस्य पवन गुप्ता, हन्नी पाहवा, कृष्ण राणा, भाजपा जिला सचिव सोनिया परोचा, भाजपा मंडल महामंत्री हिना नायब तहसीलदार बराड़ा आलमगीर, खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश मेहरा सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
