8 की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग कर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा- सलोनी शर्मा, निगमायुक्त।
निगमायुक्त ने नागरिकों से अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
करनाल 17 सितंबर, सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम करनाल द्वारा गुरूवार को सेक्टर-16 स्थित सामुदायिक केंद्र में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों एवं पथ विक्रेताओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोडऩे और आवेदन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई। विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी तथा प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना से संबंधित सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध करवाई गईं।
पीएम स्वनिधि योजना के तहत 13 नए आवेदन, 8 पथ विक्रेताओं की प्रोफाइलिंग की।
शिविर के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के तहत 13 पथ विक्रेताओं के नए आवेदन लिए गए। इसके साथ ही 8 पथ विक्रेताओं की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग की गई तथा उन्हें पात्रता के अनुसार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे की प्रक्रिया पूरी की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पथ विक्रेताओं को योजना के तहत उपलब्ध सुविधाओं एवं लाभों की जानकारी भी दी गई।
पीएमएवाई के लाभ के लिए नागरिकों को दी जानकारी।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) के संबंध में भी नागरिकों को विस्तृत जानकारी दी गई। पात्र लोगों को योजना के प्रावधानों, लाभ एवं ऑनलाईन आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया गया तथा उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। कर्मचारियों ने नागरिकों की योजना से संबंधित शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
शिविरों का उद्देश्य-योजनाओं को पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना।
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे विशेष शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उनके नजदीक उपलब्ध करवाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक नागरिकों को आवेदन, दस्तावेज और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में उचित मार्गदर्शन मिले। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को वित्तीय एवं अन्य सरकारी सहायता से जोडऩे तथा उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति के अनुरूप विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार विशेष शिविर निम्न तीन स्थानों पर अलग-अलग तिथियों में आयोजित किए जाएंगे—
कार्यक्रम के अनुसार कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-6 में 18 एवं 19 सितंबर 2026, कम्युनिटी सेंटर प्रेम नगर में 21, 22 एवं 24 सितंबर 2026 तथा कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-13 में 25, 26 एवं 28 सितंबर 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा भावना, जनभागीदारी एवं जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। वहीं सेवा सेतु अभियान के माध्यम से नागरिकों और सरकारी सेवाओं के बीच संपर्क को मजबूत करते हुए पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से जोडऩे का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों पहलों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नागरिकों से अधिक से अधिक शिविरों का लाभ उठाने की अपील।
निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी क्षेत्र में आयोजित होने वाले विशेष शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक योजनाओं के लिए आवेदन करने के साथ-साथ आवश्यक मार्गदर्शन की सुविधा भी इन शिविरों में प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से यह भी अपील की कि वे अपने आसपास रहने वाले पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को इन शिविरों की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
