अंबाला, 17 सितंबर।
राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर अंबाला में सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बड़ा ठाकुरद्वारा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। आयोजित कार्यक्रमों में स्वच्छता अभियान, महिलाओं की नि:शुल्क ब्रेस्ट कैंसर जांच तथा ‘नमो शक्ति रथ’ के साथ-साथ अन्य गतिविधियां शामिल रही।
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने नौरंगराय तालाब के पास स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता के बारे लेागों को प्रेरित किया। उन्होंने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता को जनभागीदारी से जोडक़र आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत के संकल्प को समर्पित ऐसे सेवा अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
इसके उपरांत उन्होने गांधी पार्क, गांधी कॉलोनी, बलदेव नगर अम्बाला शहर में महिलाओं के लिए नि:शुल्क ब्रेस्ट कैंसर जांच के लिए लगाए गए शिविर का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ‘नमो शक्ति रथ’ पहल महिलाओं को एआई-सक्षम तकनीक के माध्यम से नि:शुल्क ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर सांसद कार्तिकेय शर्मा ने अंबाला शहर स्थित बड़ा ठाकुरद्वारा मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा की मंगलकामना की। उन्होंने इस अवसर पर यह भी बताया कि ‘नमो शक्ति रथ’ ने अपनी सेवा यात्रा का एक वर्ष पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि पर सांसद कार्तिकेय शर्मा ने सहयोगियों के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अनुसार इस अवधि में 2 लाख से अधिक महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर जांच और 5,000 से अधिक शिविर आयोजित किए हैं, साथ ही इस अभियान के माध्यम से लगभग 10,000 गंभीर मामलों की समय रहते पहचान कर उन्हें आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दिलाने में सहायता की गई।
‘नमो शक्ति रथ’ अभियान ने अपने प्रथम वर्ष में ही जनसेवा और महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए गाईनैस वल्र्ड रिकार्ड जैसा नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि ‘नमो शक्ति रथ’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सेवा के संकल्प को धरातल पर उतारने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को महिलाओं के द्वार तक पहुंचाने की इस यात्रा को और विस्तार देते हुए अब अभियान के तहत नि:शुल्क टीबी जांच की भी शुरुआत की गई है। जनस्वास्थ्य को समर्पित यह सेवा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस मौके पर कईं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
