करनाल, 17 सितंबरमेरा युवा भारत करनाल के तत्वावधान में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत इंद्री खंड में विभिन्न सामुदायिक संगठनों एवं युवा क्लबों के सहयोग से पौधारोपण अभियान तथा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 69 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।

अभियान का उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज के प्रति सकारात्मक योगदान के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान युवा क्लबों और स्थानीय समुदाय ने सक्रिय सहभागिता करते हुए जनसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पौधारोपण अभियान में प्रिंसिपल कर्नेल चंद, म्यूजिक अध्यापक संजीव कुमार, जेआरसी काउंसलर दिनेश कुमार तथा हिंदी प्राध्यापक सुरेंद्र कुमार ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के निर्माण का संदेश दिया। सभी ने युवाओं को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

रक्तदान शिविर में विधायक इंद्री रामकुमार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर के माध्यम से रक्तदान को मानव सेवा एवं जरूरतमंद मरीजों की सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया।

 इस अवसर पर विधायक रामकुमार कश्यप के साथ विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज 2027 के पोस्टर के साथ फोटो भी खिंचवाई गई तथा उन्हें क्विज के विषय में जानकारी दी गई। युवाओं को क्विज में अधिक से अधिक सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इंद्री खंड में सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों का समन्वय राज्य युवा पुरस्कार प्राप्त नीरू देवी तथा राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक जतिन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। दोनों ने विभिन्न युवा क्लबों एवं सामुदायिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पौधारोपण एवं रक्तदान शिविर के आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी अंजली चौधरी ने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं रक्तदान मानव जीवन बचाने वाली महान सेवा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने में सहायता मिलती है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सेवा पखवाड़ा के दौरान अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें। युवा पौधारोपण, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा का प्रत्येक रूप महत्वपूर्ण है और युवाओं की छोटी-छोटी पहल भी सामूहिक रूप से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

मेरा युवा भारत करनाल द्वारा युवाओं, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों, युवा क्लबों एवं सामुदायिक संगठनों की सहभागिता की सराहना की गई तथा सेवा पखवाड़ा के दौरान अधिक से अधिक युवाओं को सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं जन कल्याणकारी गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया गया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *