जनप्रतिनिधियिों एवं सामाजिक संस्थाओं ने बढ़-चढ़ कर लिया हिस्सा स्वच्छता अभियान में भाजपा के वरिष्ठ नेता जय भगवान शर्मा डीडी व जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर ने सफाई अभियान में हिस्सा लेकर आमजन को स्वच्छता के प्रति किया जागरुक
पिहोवा, 17 सितंबर – सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सरस्वती तीर्थ पिहोवा में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाजपा के वरिष्ठ नेता जय भगवान शर्मा डीडी एवं जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर ने स्वयं झाडूघ् लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने अभियान में शामिल लोगों के साथ मिलकर तीर्थ परिसर की सफाई की और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरुक रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के साथ-साथ अपने आस-पास की स्वच्छता बनाए रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढकर भाग लें और अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। पिहोवा जैसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगर में इस प्रकार के अभियान का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण स्वस्थ समाज की पहचान है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो स्वच्छ और सुंदर पिहोवा के निर्माण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। सरस्वती तीर्थ सहित सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को स्वयं आगे आना चाहिए। इस दौरान प्रशासन, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने भी स्वच्छता अभियान में भाग लिया। सभी ने स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। उन्होंने अभियान में सहयोग करने वाली सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं तथा प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर नगरपालिका चेयरमैन आशीष चक्रपाणि, तहसीलदार पिहोवा पूनम सोलंकी, भाजपा नेता युधिष्ठिर बहल, सरस्वती हेरीटेज बोर्ड सदस्य रामधारी शर्मा, नगरपालिका सचिव आनंद श्योराण, मार्किट कमेटी सचिव चन्द्र सिंह, अजय कुमार, अमन कुमार, राकेश पुरोहित, हानु चक्रपाणि, मनमोहन चक्रपाणि, मण्डल अध्यक्ष प्रिंस मंगला, पार्षद दीपक महन्त, समाज सेवक सतीश सैनी, शाश्वत चक्रपाणि, प्रदीप शर्मा सहित उपमंडल के अधिकारी व कर्मचारी तथा धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
