रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा, एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को दे सकता है जीवनदान: असीम गोयल नन्यौला
अंबाला, 17 सितम्बर भारत विकास परिषद् द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत अंबाला में राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का ऐसा पुनीत कार्य है, जिसमें जाति, धर्म, लिंग और वर्ग से ऊपर उठकर जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता की जाती है।
श्री असीम गोयल ने कहा कि आज का दिन दो महत्वपूर्ण कारणों से विशेष है। एक ओर भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती है, जिन्हें सृजन और निर्माण का प्रतीक माना जाता है, वहीं दूसरी ओर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिवस है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं तथा भारत वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका को लगातार मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा उपकरणों के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और अन्य देशों को रक्षा उपकरणों की आपूर्ति करने की क्षमता विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को उनके सार्वजनिक जीवन और देश के प्रति समर्पण के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, जल जीवन मिशन सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी प्रकार हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चिरायु योजना के माध्यम से भी पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने चुनौतीपूर्ण समय में अपने नागरिकों को कोरोना से बचाने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किया और वैक्सीन के माध्यम से अन्य देशों की भी सहायता की। उन्होंने कहा कि उस कठिन दौर में भारत ने अपने नागरिकों के लिए जीवन रक्षक की भूमिका निभाने के साथ-साथ दूसरे देशों की सहायता कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया।
श्री असीम गोयल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जोडऩा है। इसी भावना के तहत आयोजित यह रक्तदान शिविर भी समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा पुण्य का कार्य कोई नहीं हो सकता, क्योंकि रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों, सदस्यों, महिला सदस्यों तथा शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर एसडीएम दर्शन कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, भारत विकास परिषद से संरक्षक प्रदीप गोयल, अध्यक्ष चमन अग्रवाल, सचिव अंकुर गोयल, कोषाध्यक्ष अमित चानना, श्रीमती मंजू अग्रवाल, कृष्ण लाल गुलाटी, राकेश मक्कड़, अश्विनी अग्रवाल, विधानसभा संयोजक रितेश गोयल, चंद्रगुप्त बंसल, राकेश मेहता, अशीष टक्कर, मनोज सैनी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
