*बसंत विहार में प्रातः 8 बजे महापौर रेणु बाला गुप्ता की अध्यक्षता में चलेगा सफाई अभियान।*
*17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक वार्डवार चलेंगे सफाई अभियान, जनप्रतिनिधियों व वार्ड समितियों की भागीदारी से बढ़ेगी जनभागीदारी।*
*करनाल 16 सितंबर,*         नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी एवं जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक वार्डवार विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत शहर के सभी 20 वार्डों में निर्धारित तिथियों पर विशेष सफाई अभियान आयोजित किए जाएंगे। अभियान में संबंधित वार्ड के पार्षद, वार्ड कमेटी के सदस्य तथा निगम के सफाई अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि सफाई अभियान की शुरुआत वार्ड नंबर 1 के बसंत विहार स्तिथ हाजिरी शेड के पास प्रातः 8 बजे महापौर रेणु बाला गुप्ता की अध्यक्षता में की जाएगी। उन्होंने वार्ड वासियों से अपील करते कहा कि वे सफाई अभियान में शामिल होकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाएं।

*सेवा संकल्प को जनभागीदारी से बनाया जाएगा स्वच्छता का अभियान।*
निगमायुक्त ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं, बल्कि निगम और नागरिकों की संयुक्त जिम्मेदारी से ही बनाया जा सकता है। इसी भावना के साथ ‘सेवा संकल्प’ कार्यक्रम के तहत वार्ड स्तर पर विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक अभियान स्थल पर निर्धारित समय पर सफाई कार्य प्रभावी ढंग से करवाया जाए तथा संबंधित वार्ड के जनप्रतिनिधियों और वार्ड कमेटी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को नियमित आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना है।

*20 वार्डों में निर्धारित तिथियों पर चलेगा अभियान।*
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत नगर निगम करनाल द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक वार्डवार विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को वार्ड नंबर-1 के बसंत विहार, हाजिरी शैड के नजदीक से होगी। इसके बाद 18 सितंबर को वार्ड-2 में मंगलपुर चौक, 21 सितंबर को वार्ड-3 में फूसगढ़ रोड, 22 सितंबर को वार्ड-4 में ग्रीन बेल्ट एरिया, 24 सितंबर को वार्ड-5 में निअर हेरिटेज तथा 25 सितंबर को वार्ड-6 में मधुबन चौक पर विशेष सफाई अभियान आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार 28 सितंबर को वार्ड-7 में ताऊ देवी लाल चौक से महाराणा प्रताप चौक तक, 29 सितंबर को वार्ड-8 में सेक्टर-6 ग्रीन बेल्ट एरिया, 30 सितंबर को वार्ड-9 में निअर अटल पार्क सेक्टर-8, 1 अक्टूबर को वार्ड-10 में सेक्टर-13 मेन मार्केट, 2 अक्टूबर को वार्ड-11 में मॉडल टाउन मार्केट तथा 5 अक्टूबर को वार्ड-12 में क्लब मार्केट में अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में 6 अक्टूबर को वार्ड-13 के सदर बाजार रघुनाथ मंदिर रोड, 7 अक्टूबर को वार्ड-14 के जनकपुरी निअर अनाज मंडी, 8 अक्टूबर को वार्ड-15 के जाटो गेट निअर शिव मंदिर, 9 अक्टूबर को वार्ड-16 के हांसी रोड, 12 अक्टूबर को वार्ड-17 की शिव कॉलोनी, 13 अक्टूबर को वार्ड-18 के गवर्नमेंट स्कूल प्रेम नगर, 14 अक्टूबर को वार्ड-19 के राम नगर मार्केट तथा 15 अक्टूबर को वार्ड-20 के डब्ल्यू.जे.सी. पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सफाई अभियान सुबह 9 बजे से संबंधित वार्ड के पार्षद एवं वार्ड कमेटी सदस्यों की उपस्थिति में चलाया जाएगा तथा निगम के सफाई अधिकारियों द्वारा इसकी निगरानी की जाएगी। अभियान से पहले और बाद की स्थिति की फोटो भी ली जाएगी तथा प्रतिदिन की गतिविधियों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग चरणों में सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह व संदीप कुमार तथा सहायक सफाई निरीक्षक गुलाब व प्रवेश कुमार अभियान के इंचार्ज रहेंगे, जबकि संबंधित कार्यक्रमों के लिए मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा नोडल अधिकारी के रूप में निगरानी करेंगे। स्वच्छता अधिकारी महावीर सोडी पूरे कार्य के ओवरऑल इंचार्ज रहेंगे।

*बाजारों, मुख्य मार्गों और ग्रीन बेल्ट पर विशेष फोकस।*
अभियान के तहत शहर के मुख्य बाजारों, चौकों, प्रमुख मार्गों, ग्रीन बेल्ट, पार्कों के आसपास के क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों को विशेष रूप से कवर किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसे स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना है जहां नागरिकों की आवाजाही अधिक रहती है और नियमित साफ-सफाई की विशेष आवश्यकता होती है। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान केवल दिखाई देने वाली गंदगी को हटाने के बजाय पूरे क्षेत्र की समग्र सफाई पर ध्यान दिया जाए तथा सफाई के बाद कचरे का उचित उठान एवं निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए।

*वार्ड कमेटियों और नागरिकों की भूमिका महत्वपूर्ण।*
निगमायुक्त ने हा कि वार्ड स्तर पर गठित समितियां स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने वार्ड कमेटी सदस्यों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्थानीय नागरिकों को भी इससे जोड़ें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी स्थायी परिणाम देगा, जब सफाई के साथ-साथ कचरा फैलाने की प्रवृत्ति पर भी रोक लगे। इसलिए नागरिक अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही दें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें।

*शहरवासियों से अपील।*
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सेवा संकल्प अभियान को केवल नगर निगम का कार्यक्रम न मानकर इसे अपना अभियान बनाएं। अपने वार्ड को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, कचरा निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से ही दें और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में निगम की टीमों का सहयोग करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *